
चन्दौली। बदलती डिजिटल दुनिया और स्मार्ट पुलिसिंग की आवश्यकता को देखते हुए आदित्य लांग्हे (पुलिस अधीक्षक, चन्दौली) के निर्देशन तथा अनन्त चन्द्रशेखर (अपर पुलिस अधीक्षक सदर) के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थानों एवं कार्यालयों में तैनात 16 कम्प्यूटर ऑपरेटरों का पांच दिवसीय विशेष तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह प्रशिक्षण 23 फरवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकी विषयों पर व्यवहारिक एवं सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान किया गया।
आधुनिक तकनीक से लैस हुई चन्दौली पुलिस
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को डिजिटल युग की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु तकनीकी रूप से सशक्त बनाना था। पांच दिनों तक चले इस सत्र में निम्नलिखित विषयों पर विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया गया—
– Introduction to Cyber Security: साइबर अपराधों की रोकथाम, डिजिटल डेटा की सुरक्षा एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय।
– Networking Basics: नेटवर्क प्रबंधन, डेटा संचार की मूलभूत संरचना एवं सुरक्षित नेटवर्क संचालन की जानकारी।
– Introduction to AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस): पुलिसिंग में AI के उपयोग, अपराध विश्लेषण, डेटा प्रोसेसिंग और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा।

प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
प्रशिक्षण के सफल समापन के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी प्रतिभागियों के समर्पण, अनुशासन एवं सीखने की प्रतिबद्धता की सराहना की गई। इस अवसर पर सभी 16 कम्प्यूटर ऑपरेटरों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा— “वर्तमान समय में अपराधियों के तौर-तरीके तेजी से डिजिटल हो रहे हैं। ऐसे में पुलिस का तकनीकी रूप से अपडेट रहना अत्यंत आवश्यक है। AI और साइबर सुरक्षा जैसे विषय विवेचना को अधिक प्रभावी बनाएंगे तथा जनता को त्वरित एवं बेहतर सेवाएं प्रदान करने में सहायक सिद्ध होंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा, जिससे जनपद की पुलिस तकनीकी रूप से और अधिक सुदृढ़ हो सके।
स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में चन्दौली पुलिस का यह प्रयास निश्चित ही डिजिटल युग में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाएगा।