मुग़लसराय(चंदौली) जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र में होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खोवा मंडी में सघन छापेमारी अभियान चलाया। त्योहार के मौके पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी की आशंका को ध्यान में रखते हुए विभाग ने यह कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान टीम ने विभिन्न दुकानों और गोदामों से खोवा (मावा) के कई नमूने संग्रहित किए। जांच के दौरान लगभग ढाई कुंतल मिलावटी खोवा पकड़ा गया, जिसमें रिफाइंड तेल सहित अन्य पदार्थों की मिलावट पाई गई। संदिग्ध मावे को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लगभग ढाई कुंतल मावे की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। उसमें मिलावट के स्पष्ट संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा कि सैंपल को विधिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद संबंधित व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणवीर सिंह यादव सहित विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। विभाग की इस कार्रवाई से खोवा मंडी के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि त्योहार के अवसर पर खाद्य सामग्री खरीदते समय सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की मिलावट की आशंका होने पर तत्काल विभाग को सूचित करें।