
चंदौली। जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल डिपो के पास तेल टैंकरों से चोरी-छिपे डीजल कटिंग करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसओजी-2 वाराणसी और अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार दोपहर करकटनुमा खाली मकान में छापा मारकर मौके से तीन युवकों को हिरासत में लिया।
पुलिस टीम ने देखा कि डीजल से भरे टैंकर से अवैध रूप से तेल निकाला जा रहा था। मौके से तेल चोरी में प्रयुक्त उपकरण, पाइप, मोटर, ड्रम और गैलन में भरे कई लीटर डीजल बरामद किए गए। इसके अलावा तीन तेल टैंकरों को भी कब्जे में लेकर थाने लाया गया है।

सूत्रों के अनुसार, अलीनगर क्षेत्र में लंबे समय से डीजल-पेट्रोल चोरी की शिकायतें पुलिस के उच्चाधिकारियों को मिल रही थीं। इसी के तहत एसओजी-2 की टीम सिविल ड्रेस (कुर्ता-पजामा) में ऑटो कार से मौके पर पहुंची और गुप्त रूप से निगरानी के बाद छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अलीनगर पुलिस भी मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की गई।

बताया जा रहा है कि एसओजी-2 द्वारा अलीनगर इलाके में करीब एक दर्जन स्थानों पर छापेमारी की गई है और यह अभियान अभी जारी है। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में तेल चोरी के अवैध धंधे पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।