चंदौली- नगरपालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के अलीनगर क्षेत्र में पालिका की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा हुआ है, नालियां लबालब भरी हैं और नियमित सफाई का अभाव साफ नजर आ रहा है।

तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कूड़े का समुचित निस्तारण करने के बजाय उसे जलाया जा रहा है। जिससे न केवल प्रदूषण फैल रहा है बल्कि आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। धुएं और दुर्गंध से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी सोनल, बृजेश, बंटी, संतोष, चिन्मय, जितेंद्र, नीरज और रवि के पिताजी का कहना है कि नगर पालिका के सफाई कर्मियों की लापरवाही आए दिन देखने को मिलती है। न तो नालियों की नियमित सफाई की जाती है और न ही कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाता है। परिणामस्वरूप गंदगी फैल रही है और संक्रमण व बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है।

क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, नियमित रूप से नालियों की सफाई कराई जाए और कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।