
चंदौली। वन क्षेत्र में बिना वैध कागजात बोल्डर परिवहन के विरुद्ध नियमित गश्त के दौरान जयमोहनी रेंज की टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टरों को सीज किया गया है। गुरुवार को सुबह
वन विभाग का स्टाफ जंगल क्षेत्र में गश्त पर निकला हुआ था। नौगढ़–मधुपुर मार्ग पर चोरमरमा के समीप दो ट्रैक्टर बोल्डर लदे संदिग्ध अवस्था में आते हुए दिखाई दिए। वनकर्मियों को देखते ही दोनों चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगे। स्टाफ द्वारा पीछा किए जाने पर पकड़े जाने के डर से चालकों ने ट्रैक्टर को चालू हालत में ही छोड़ दिया और जंगल की ओर फरार हो गए।
वन दरोगा सोमेश प्रथम के नेतृत्व में वन रक्षक भोला यादव, निर्भय सिंह, प्रेम सिंह एवं मनीष गुप्ता ने तत्परता दिखाते हुए दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय जयमोहनी पहुंचाया।
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के दौरान ट्रैक्टर से संबंधित वैध अभिलेख एवं बोल्डर परिवहन का कोई अधिकृत परमिट प्रस्तुत नहीं किया जा सका। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया कि बोल्डर किस स्थान से लाया जा रहा था। दोनों ट्रैक्टरों एवं लदे बोल्डर को विधिक प्रावधानों के तहत सीज कर संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीकृत कर दिया गया है। फरार चालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वनक्षेत्राधिकारी का कहना है कि जंगल क्षेत्र में नियमों की अनदेखी करके किसी भी प्रकार का अवैध परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।