[smartslider3 slider="2"]

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला उद्योग बंधु की बैठकऔद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित निस्तारण व बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के निर्देश

Connect With Social Media

चंदौली। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक संपन्न हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के प्रवेश मार्ग (लोक निर्माण विभाग के लंका–अलीनगर मार्ग) को चौड़ा कराने की समस्या उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, जिससे औद्योगिक गतिविधियों में सुगमता आए।


ग्राम डाबरिया एवं धानपुर में स्थापित हो रहे सीबीजी (कम्प्रेस्ड बायो गैस) प्लांट तक लगभग दो किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि निर्माण कार्य प्रगति पर है और शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्य में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्राप्त अन्य शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का हर संभव समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों को आकर्षक, आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाया जाए, ताकि निवेशकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।


जिलाधिकारी ने ‘निवेश मित्र’ पोर्टल पर लंबित प्रकरणों तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। सभी प्रकरणों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा निवेश और निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। इससे जनपद में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत, रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया के उद्यमीगण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!