
चकिया । चकिया कोतवाली क्षेत्र के सैदूपुर में होलिका स्थापना को लेकर चल रहे विवाद के बीच गुरुवार को प्रशासन सक्रिय हो गया। होलिका दहन में अब केवल चार दिन शेष रह जाने के कारण पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से वार्ता की।
थाना प्रभारी अर्जुन सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजय गुप्ता से ग्राम समाज की भूमि में स्थायी रूप से होलिका स्थापित किए जाने को लेकर सहमति बनी, लेकिन मौके पर भूमि चयन के दौरान विवाद खड़ा हो गया। बताया जाता है कि सैकड़ों वर्षों से जिस परंपरागत स्थान पर होलिका स्थापित की जाती थी, वहां करीब तीन वर्ष पूर्व एक व्यक्ति विशेष द्वारा मकान निर्माण करा लेने के बाद से हर वर्ष अस्थायी रूप से अलग-अलग स्थानों पर होलिका स्थापित कर दहन किया जा रहा है। इसी कारण हर बार स्थान को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम समाज की भूमि की नापी शुरू कराई। इसी दौरान पास की जमीन के एक व्यक्ति ने आपत्ति जताते हुए नापी कार्य रुकवा दिया। आपत्ति के चलते स्थायी भूमि का चयन नहीं हो सका और कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका। राजस्व टीम ने बताया कि मौके की पूरी स्थिति से उपजिलाधिकारी को अवगत कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल की मौजूदगी में नापी कराकर अस्थायी समाधान निकाला जाएगा। समय कम होने के कारण इस वर्ष भी पिछली बार की तरह अस्थायी रूप से ही होलिका स्थापित कर दहन किए जाने पर सहमति बनी है।
इस दौरान अक्षय वर्मा, चंदन सेठ, दिवाकर पटेल, सुरेंद्र पासवान, जीवन प्रकाश, रवि जायसवाल, दरोगा मौर्य, आलोक कुमार सहित तमाम ग्रामीण व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।