
चंदौली। वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।एसटीएफ फील्ड यूनिट वाराणसी और सदर पुलिस की संयुक्त टीम ने 50 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ चंदौली और वाराणसी जनपद में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
लोहता क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी चन्दौली पुलिस को वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में टीम ने 26 फरवरी को वाराणसी के लोहता क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 50 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त मो. अरशद को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी का विवरण गिरफ्तार अभियुक्त मो. अरशद पुत्र गुलाम नवी, निवासी 13/262ए-4 लहंगपुरा, औरंगाबाद, थाना सिगरा, जिला वाराणसी का रहने वाला है।
पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। फरार और इनामिया अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। संयुक्त टीम की इस सफलता को कानून-व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।