
अलीनगर(चंदौली) – पीडीडीयू नगर पालिका परिषद के वार्डो व गली मोहल्ले सड़को तक पालिका के सफाई कर्मियों द्वरा कुड़े में आग लगाए जाने की घटना पर विराम नही लग रहा है।पालिका के सफाई कर्मी अक्सर कुड़े को इकट्ठा कर उनमे आग लगा कर चले जाते है। इस बार मामला थोड़ा बड़ा हो गया तो फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी।
मामला अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 स्थित एक पोखरी का है जहाँ आज गुरुवार को कूड़े के ढेर में आग लगा दी गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।बतादे कि ये पोखरी चारों तरफ से रिहायशी मकानों से घिरी हुई है। आग फैलने की आशंका से मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय निवासियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय निवासियों अरविंद रस्तोगी, रिंकू, सिद्दी हसनैन, इमरान और विनीत ने बताया कि यह समस्या बार-बार सामने आ रही है। उनका आरोप है कि नगर पालिका के सफाईकर्मी पोखरी में कूड़ा डालकर आग लगा कर चले जाते हैं, जिसके कारण पहले भी कई बार कूड़े में आग लग चुकी है।मोहल्लेवासियों ने पालिका प्रशासन से मांग की है कि पोखरी की नियमित साफ-सफाई कराई जाए और वहां कूड़ा फेंकने पर स्थायी रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र के लोग सुरक्षित वातावरण में रह सकें।