
अलीनगर(चंदौली) नियामताबाद विकासखंड अंतर्गत धपरी गांव में भव्य शिव मंदिर का निर्माण कार्य पूरे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आज गुरुवार को शुरू हो गया।जहा सुबह से ही शिव भक्तों की अपार भीड़ पहुचने का सिलसिला जारी है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था व यातायात सीओ की मौजूदगी यह बताने के लिए काफी है कि वहां आने वाले भक्तों को आवागमन सुचारू रखने की तरफ भी प्रशासनिक अमला तत्पर है।आपको बतादे कि कुछ माह पूर्व एक मकान की बाउंड्रीवाल के लिए चल रहे खुदाई के दौरान जमीन के काफी भीतर एक शिव लिंग मिला था।जिसके बाद क्षेत्र में धार्मिक आस्था का माहौल बन गया था और शिवभक्तों के आने जाने का यह सिलसिला तभी से लगातार जारी है।

शिवलिंग मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए थे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना प्रारंभ की गई थी। जिस भूमि पर शिवलिंग प्राप्त हुआ था, उसके स्वामी ने श्रद्धा भाव से मंदिर निर्माण के लिए एक बिस्सा जमीन दान कर दी थी और अब उसी पावन भूमि पर पूरे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। यह कार्य माटी पूजन और चरण पूजन के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर साधु-संतों ने वैदिक मंत्रों के बीच पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष काशी नाथ सिंह,पूर्व जिलाध्यक्ष राणा सिंह, संदीप सिंह समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया और भगवान शिव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। ग्रामीणों में मंदिर निर्माण को लेकर विशेष उत्साह है। उनका मानना है कि यह मंदिर क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।
