
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में यातायात नियमों की अनदेखी कर शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से टीएसआई ओम प्रकाश उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न चौराहों और मुख्य मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान कई वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। कुछ मामलों में वाहन सीज करने की भी कार्रवाई की गई

टीएसआई ओम प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि आम नागरिकों की जान के लिए भी खतरा है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें।
पुलिस की इस कार्रवाई से लापरवाह वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।