[smartslider3 slider="2"]

होली से पहले चंदौली में मिलावटखोरों पर शिकंजा,नमकीन फैक्ट्री पर छापा, खोवा-पनीर के नमूने जांच को भेजे गए

Connect With Social Media

चंदौली। होली के त्योहार को देखते हुए जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान शुरू कर दिया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खोवा, पनीर और नमकीन कारोबारियों के यहां छापेमारी कर नमूने एकत्र किए। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर की जा रही है।
अभियान के प्रथम चरण में खाद्य सुरक्षा मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से आमजन और खाद्य कारोबारियों को जागरूक किया गया। विभाग की ओर से विशेष रूप से खोवा व्यापारियों को चेतावनी दी गई कि वे किसी भी प्रकार का मिलावटी खोवा न खरीदें और न ही बिक्री करें। त्योहारों के दौरान खोवा और पनीर की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका को देखते हुए निगरानी तेज की गई है।
पड़ाव स्थित नमकीन फैक्ट्री पर छापा


उप जिलाधिकारी सदर चंदौली के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पड़ाव क्षेत्र स्थित एक नमकीन फैक्ट्री पर छापेमारी की। टीम ने मौके से नमकीन और बेसन के दो नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जनपद में कहीं भी मिलावटी खोवा, पनीर, नमकीन या खाद्य तेल का निर्माण, भंडारण, परिवहन या बिक्री पाई जाती है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत के लिए जारी किया गया नंबर


खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थ की जानकारी मिले तो वे विभाग के मोबाइल नंबर 8887890254 पर सूचना दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
आज की कार्रवाई का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह एवं पुलिस बल भी मौजूद रहा।
त्योहारों से पहले शुरू हुई इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!