
रामगढ़ (चंदौली। क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा कीनाराम अघोर मठ में गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन वाराणसी स्थित आर जे शंकर आई हॉस्पिटल के सहयोग से जिला अंधत्व निवारण समिति के तत्वावधान में किया गया।
शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बुजुर्ग मरीज पहुंचे और अपनी आंखों की जांच कराई। नेत्र सर्जन डॉ. रीना कुमारी शाह ने मरीजों की आंखों का परीक्षण किया। जांच के दौरान जिन मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, उन्हें ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया।
ऑपरेशन से पहले हुई बीपी और शुगर की जांच
चयनित मरीजों की बीपी एवं शुगर की भी जांच की गई, ताकि ऑपरेशन से पूर्व उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया जा सके। सभी पात्र मरीजों को वाराणसी स्थित अस्पताल ले जाया जाएगा, जहां उनका निशुल्क लेंस प्रत्यारोपण (मोतियाबिंद ऑपरेशन) किया जाएगा।
ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा
शिविर के आयोजक भरत कुमार ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। समय पर जांच और उपचार से अंधत्व जैसी गंभीर समस्या से बचाव संभव है।
इस दौरान नर्सिंग स्टाफ महेश कुमार, आई विजन टीम की किरन सहित अन्य सहयोगी भी उपस्थित रहे और शिविर को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की।