[smartslider3 slider="2"]

चकिया में बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा था बीएन सर्जिकल अस्पताल, महिला की मौत के बाद अस्पताल सील

Connect With Social Media

चंदौली। (अशोक कुमार जायसवाल) जनपद के चकिया क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम में डिलिवरी के बाद महिला की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों की भारी भीड़ अस्पताल परिसर में जुट गई और लापरवाही का आरोप लगाते हुए देर रात हंगामा किया। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रहे बी.एन. सर्जिकल सेंटर को सीज कर दिया गया।


बताया जा रहा है कि बरौझी गांव निवासी रिंकी कुमारी को सोमवार को प्रसव पीड़ा होने पर चकिया के दूबेपुर गांव स्थित बीएन सर्जिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म हुआ। परिजनों के अनुसार शाम को अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि नर्सिंग होम के डॉक्टर महिला को बिना ऑक्सीजन सपोर्ट के वाराणसी ले गए।


वाराणसी के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि उन्हें बिना जानकारी दिए ही संचालक महिला को अपने साथ ले गया। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।


सूचना पर पहुंचे प्रभारी चिकित्साधिकारी ने जब अस्पताल की जांच की तो वहां कोई संचालक मौजूद नहीं मिला और न ही आवश्यक पंजीकरण संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए जा सके। जांच में सामने आया कि बी.एन. सर्जिकल सेंटर बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित किया जा रहा था।
स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सीज कर दिया। सेंटर में रखी मशीनरी को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। वहीं भर्ती दो अन्य मरीजों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला संयुक्त चिकित्सालय में शिफ्ट कराया गया।
अधिकारी का बयान
चकिया के प्रभारी चिकित्साधिकारी विकास सिन्हा ने बताया कि….


“सूचना मिलने पर टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई। बी.एन. सर्जिकल सेंटर का पंजीकरण नहीं मिला, न ही संचालक मौके पर मौजूद थे। प्रथम दृष्टया यह सेंटर बिना रजिस्ट्रेशन संचालित पाया गया, जिस पर तत्काल सीज की कार्रवाई की गई है। मशीनरी को जब्त कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अस्पताल या पैथोलॉजी सेंटर की शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”


जांच जारी
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटा है। महिला की मौत के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध रूप से संचालित किसी भी स्वास्थ्य केंद्र को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!