
चन्दौली (धर्मेंद्र प्रजापति)- सकलडीहा विकासखंड के सरेसर पंचायत भवन पर चल रहे एसआईआर पुनरीक्षण कार्य का गुरुवार को सकलडीहा उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद एआरओ को निर्देशित किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लंबित एसआईआर फॉर्म का सत्यापन कर कार्य पूर्ण कराया जाए।एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने फॉर्म भरने की प्रक्रिया, अभिलेखों की स्थिति तथा कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को आलमपुर पंचायत भवन पर एसआईआर फॉर्म के सत्यापन का कार्य किया जाएगा। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहकर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने को कहा। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। एसडीएम ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने आम नागरिकों से भी सत्यापन कार्य में सहयोग करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों में कार्य को लेकर सतर्कता देखी गई। एसडीएम ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्य पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। निरीक्षण के उपरांत एसडीएम ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान आर आई अखिलेश मिश्रा मौजूद रहे।