[smartslider3 slider="2"]

दमड़ी पहाड़ी पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव,मृतक के मोबाइल के जरिये पहचान में जुटी पुलिस

Connect With Social Media

चकिया (चन्दौली) । चकिया कोतवाली क्षेत्र के पचफेडियां गांव स्थित दमड़ी पहाड़ी पर शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
  प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण पहाड़ी की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच कर रही शिकारगंज चौकी पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। चौकी प्रभारी अमित कुमार मिश्रा के अनुसार मोबाइल बंद अवस्था में मिला है। उसे चार्ज कर डेटा खंगालने की तैयारी की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि मोबाइल से मृतक की पहचान और घटना की परिस्थितियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके। आवश्यकता पड़ने पर फोरेंसिक टीम को भी जांच में शामिल किया जा सकता है, जिससे किसी संभावित आपराधिक पहलू से इनकार या पुष्टि की जा सके।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के परिजन लापता हों तो तत्काल सूचना दें, ताकि पहचान की प्रक्रिया तेज की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डेटा की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल प्राथमिकता मृतक की पहचान सुनिश्चित करना है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!