
चंदौली के चकिया स्थित श्री दुर्गा मंदिर में शुक्रवार को 65वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार शाम 6 बजे अखंड देवी कीर्तन शुरू हुआ था, जो शुक्रवार सुबह 7 बजे संपन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालु पूरी रात माता रानी के भजनों में लीन रहे। शनिवार सुबह 8 बजे महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजा-अर्चना की।
दोपहर 12 बजे वार्षिक महाआरती संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। दोपहर 1 बजे से महाप्रसाद (भंडारा) का वितरण शुरू हो गया है, जो देर शाम तक जारी रहेगा। श्रद्धालु सपरिवार पहुंचकर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

रात्रि में भव्य देवी जागरण का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर प्रबंधन संस्था श्री श्री दुर्गा मंदिर मांगलिक सेवा संस्थान, पूर्वी बाजार, विभूतिनगर, चकिया की ओर से व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा, प्रकाश और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है।
स्थापना दिवस के अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है और देर शाम तक भीड़ बढ़ने की संभावना है।