
चन्दौली। जनपद के बबुरी कस्बे में दिनदहाड़े हुई बाइक चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। भीड़-भाड़ वाले इलाके में अज्ञात चोर ने एक लुना बाइक का लॉक तोड़कर उसे लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
बताया जा रहा है कि बबुरी कस्बे के प्राथमिक विद्यालय के समीप रामजी मौर्य अपनी लुना बाइक खड़ी कर किसी काम से गए थे। जब वे वापस लौटे तो बाइक गायब देख उनके होश उड़ गए। आसपास तलाश करने पर भी बाइक का कोई पता नहीं चला।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर एक युवक बाइक का लॉक तोड़कर उसे ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर ने कुछ ही

मिनटों में वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में इस तरह दिनदहाड़े चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो चोरों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।
पीड़ित रामजी मौर्य ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।