
चंदौली जनपद में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सदर क्षेत्र के एक कमरे में लैब टेक्नीशियन का अधजला शव बरामद हुआ। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच में जुट गई है।
निजी अस्पताल में था कार्यरत
मृतक की शिनाख्त सदर क्षेत्र के राजीव नगर निवासी उत्तम कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उत्तम कुमार मूल रूप से रामनगर थाना क्षेत्र के भीटी गांव का रहने वाला था। वह चंदौली में रहकर एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था।
देर तक नहीं खुला दरवाजा, खिड़की से झांकने पर दिखा भयावह मंजर
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात उत्तम कुमार ने भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई।
संदेह होने पर पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा तो अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। कमरे के भीतर उत्तम का अधजला शव पड़ा था। देखते ही देखते यह खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर भेजा पोस्टमार्टम के लिए
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक पूछताछ और जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य कारण से घटना हुई इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
क्षेत्र में दहशत का माहौल
घटना के बाद राजीव नगर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और पुलिस से जल्द खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।