
चंदौली। जनपद के नौगढ़ तहसील अंतर्गत केसार गांव में स्थित एक बंधी में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव के लोगों का कहना है कि मगरमच्छ पिछले कुछ दिनों से लगातार बंधी में नजर आ रहा है और कई बार पानी से बाहर भी निकल आता है, जिससे आसपास रहने वाले परिवारों में भय व्याप्त हो गया है।
यह मामला मझगाई रेंज क्षेत्र का है। बंधी के पास ही कई घर बने हुए हैं, जहां छोटे बच्चे और महिलाएं निवास करती हैं। ग्रामीणों के अनुसार शाम ढलते ही लोग बंधी के आसपास जाने से कतराने लगे हैं। बच्चों को घरों से बाहर खेलने नहीं भेजा जा रहा है। लोगों को आशंका है कि मगरमच्छ कभी भी रिहायशी इलाके की ओर बढ़ सकता है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है।
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से वन विभाग को सूचना देकर मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक मगरमच्छ को पकड़ा नहीं जाता, तब तक गांव में भय का वातावरण बना रहेगा।
इस संबंध में वन रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग को सूचना मिल चुकी है। वनकर्मियों की टीम मौके पर भेजी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मगरमच्छ का रेस्क्यू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पकड़े जाने के बाद मगरमच्छ को किसी बड़े और सुरक्षित जलाशय में छोड़ा जाएगा, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
वन विभाग की इस पहल से ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।