[smartslider3 slider="2"]

तिलक के अगले दिन उजड़ा घर: सड़क हादसे में इकलौते बेटे की मौत, दो बहनें गंभीर घायल

Connect With Social Media

चंदौली (चकिया): चकिया क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। अम्मर डहिया गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें इकलौते बेटे की मौत हो गई, जबकि दो बहनों की हालत गंभीर बनी हुई है।


जानकारी के अनुसार जगदीशपुर निवासी अजीत यादव (22), मोनी यादव (25) और पूनम यादव (26) एक ही बाइक से चकिया से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अम्मर डहिया गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।


घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 102 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया लाया गया। जहां चिकित्सकों ने अजीत यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों बहनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।


अजीत यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि अजीत का बुधवार को ही तिलक कार्यक्रम हुआ था और वह अपने पिता का इकलौता पुत्र था। शादी की खुशियों के बीच अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।


सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!