[smartslider3 slider="2"]

चंदौली में “मिशन शक्ति फेज-5.0” के तहत जागरूकता अभियान तेज, महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण पर जोर

Connect With Social Media

चंदौली: उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद चंदौली में “मिशन शक्ति” विशेष अभियान (फेज-5.0) के तहत पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिले के सभी थानों की पुलिस टीमों ने बाजारों, ग्रामीण क्षेत्रों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी जानकारी दी।
अभियान के तहत एंटी रोमियो टीमों ने कस्बों व बाजारों में भ्रमण कर महिलाओं व छात्राओं से संवाद किया और उन्हें हेल्पलाइन नंबरों, सरकारी योजनाओं तथा कानूनों के बारे में जागरूक किया। पुलिस ने बताया कि महिलाओं से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र पर संपर्क किया जा सकता है, जहां उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाती है।


जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास जैसी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े प्रमुख कानूनों—घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 (संशोधित 1986) और पीसीपीएनडीटी अधिनियम 1994—के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण देने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। जिले के सभी थानों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर आमजन, विशेषकर महिलाओं और छात्राओं को जागरूक करें, ताकि वे किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकें।

Leave a Comment

error: Content is protected !!