
चंदौली: पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना चंदौली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के आदेशानुसार वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) व क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चंदौली विजय बहादुर सिंह तथा स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
दिनांक 17 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना चंदौली पुलिस व स्वाट टीम ने वाराणसी जनपद के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ककरमत्ता भट्ठा क्षेत्र में दबिश दी। यहां से 50 हजार रुपये का इनामी वांछित अभियुक्त सुनील यादव (25 वर्ष), पुत्र शंकर यादव, निवासी ककरमत्ता भट्ठा, थाना भेलूपुर जनपद वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 181/2024 धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम तथा धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल पुलिसकर्मी:
प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह (थाना चंदौली), स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव, हेड कांस्टेबल राणा प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल अरविन्द भारद्वाज, हेड कांस्टेबल बीजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल रामानन्द यादव, हेड कांस्टेबल आशुतोष सिंह, कांस्टेबल अरविन्द कुमार-2 व कांस्टेबल संजय पटेल शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य वांछित आरोपियों की तलाश भी जारी है।