
चंदौली- जनपद चंदौली के थाना कन्दवा पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए वध के लिए ले जाए जा रहे 11 गोवंशों को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर गौतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) और क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध पिकअप वाहन बकौडी नहर तिराहे की ओर जा रहा है।
पुलिस टीम ने संदिग्ध महिन्द्रा बोलेरो पिकअप (नं. UP67T7324) को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन तेज गति से चलाकर पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर वाहन से 11 गोवंश जीवित अवस्था में बरामद हुए, जिनमें 6 बछड़े, 4 गाय और 1 बैल शामिल हैं।
मौके से आशीष कुमार (20 वर्ष) पुत्र रमेश कुमार निवासी अनौनी अमेना, थाना खानपुर, जिला गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर आसपास के गांवों से कम दाम में गोवंश खरीदकर उन्हें वाहन में लादकर बकौडी नहर मार्ग से बिहार ले जाकर वध के लिए पहुंचाने की तैयारी में था।
थाना कन्दवा में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 12/2026 धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम, धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम तथा धारा 109(1)/325 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले भी थाना सैयदराजा में वर्ष 2025 में गौवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह के साथ उपनिरीक्षक एवं थाना कन्दवा के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे, जिन्होंने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर गोवंशों को सुरक्षित बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में गौतस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।