
मुगलसराय: यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होते ही नगर में यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास घंटों जाम लगने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले से ही जाम की समस्या से जूझ रहे मुगलसराय नगर में बोर्ड परीक्षाओं के चलते ट्रैफिक का अतिरिक्त दबाव और बढ़ गया है, जिससे लोगों को रोजाना लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
नगर पालिका इंटर कॉलेज और जायसवाल इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाए जाने के कारण जीटीआर ब्रिज और आसपास के प्रमुख मार्गों पर पीक आवर में वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। परीक्षार्थियों और अभिभावकों की भीड़ के बीच यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी मुख्यतः पीआरडी जवानों और होमगार्ड के भरोसे दिखाई दे रही है, जबकि भीड़भाड़ वाले समय में अनुभवी यातायात अधिकारी की मौजूदगी जरूरी मानी जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में लंबे समय से यातायात विभाग को स्थायी प्रभारी नहीं मिल पाया है। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था अस्थायी व्यवस्था और सीमित संसाधनों के सहारे संचालित हो रही है। जाम के दौरान कई बार देखा गया कि प्रशिक्षित अधिकारी मौके पर कम ही दिखाई देते हैं और जाम खुलवाने की जिम्मेदारी निचले स्तर के कर्मियों पर छोड़ दी जाती है।
यातायात व्यवस्था से जुड़े जानकारों का कहना है कि टीएसआई स्तर के प्रशिक्षित अधिकारियों की मौजूदगी जाम वाले प्रमुख प्वाइंट्स पर सुनिश्चित की जाए तो स्थिति में सुधार आ सकता है। फिलहाल परीक्षा अवधि में नगरवासियों को रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है और लोगों ने प्रशासन से प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने तथा संवेदनशील स्थानों पर सक्षम अधिकारियों की तैनाती की मांग की है।