
चंदौली / चहनियां । (धर्मेंद्र प्रजापति)
नौदर ग्राम सभा में तैयार जल निगम की पानी टंकी परिसर में मंगलवार को जल जीवन मिशन के तहत जिले का पहला ‘जल अर्पण दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंदौली के सांसद वीरेन्द्र सिंह शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया

और पानी टंकी के पोल पर रक्षा सूत्र बांधकर तथा घड़े में जल भरकर ग्रामीणों को जल

अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि जल हमारे जीवन का अमृत है। इसे बचाना और संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि हम पानी बचाएंगे तभी पृथ्वी का भविष्य सुरक्षित रहेगा। उन्होंने जल निगम के अभियंता अमित कुमार राजपूत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से नौदर गांव में जल जीवन मिशन का कार्य पूरा हुआ और अब गांव के लोगों को नियमित पेयजल मिलना शुरू हो गया है, जो जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है।

जल निगम के अभियंता अमित कुमार राजपूत ने बताया कि नौदर ग्राम सभा में पानी टंकी बनकर तैयार है और पाइपलाइन घर-घर तक पहुंच चुकी है। आज से हर घर को समुचित पानी मिलने लगा है, जिससे गांव की जल समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
कार्यक्रम में सहायक अभियंता मोहित पांडेय, सपा जिलाध्यक्ष सत्य नारायण राजभर, सुभाष यादव, सीताराम यादव, अवर अभियंता सौरभ, डीपीएमयू पारस जायसवाल, रिजवान अहमद, राजाराम यादव, जय प्रकाश, रामअवध सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।