[smartslider3 slider="2"]

सड़क बनने से पहले ढही साइड वॉल,हरिणका गांव में निर्माण गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

Connect With Social Media

चंदौली (बबुरी)। क्षेत्र के हरिणका गांव में सड़क निर्माण से पहले ही बनाई गई साइड वॉल ढह जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मुन्नू शर्मा के घर से राजपत मौर्य के घर तक गली में सड़क निर्माण के लिए करीब डेढ़ माह पूर्व साइड वॉल का निर्माण कराया गया था, जो सोमवार की शाम अचानक लगभग 50 मीटर लंबाई में भरभराकर गिर गई। इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि साइड वॉल का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं किया गया था। नाम न छापने की शर्त पर कई लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण में दोयम दर्जे की ईंटों और घटिया सीमेंट का इस्तेमाल किया गया तथा नींव भी मजबूत नहीं रखी गई। उनका कहना है कि सड़क बनने से पहले ही दीवार का गिर जाना कार्य में लापरवाही और गुणवत्ता की कमी को दर्शाता है।
मामले में जब ग्राम सचिव से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि यह निर्माण ग्राम पंचायत निधि से नहीं कराया गया है। वहीं ग्राम प्रधान से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि साइड वॉल का निर्माण ग्राम पंचायत निधि से ही कराया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि गिरी हुई साइड वॉल का पुनः निर्माण जल्द कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही दोबारा होने वाले निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Comment

error: Content is protected !!