[smartslider3 slider="2"]

कुएं में गिरने से दो मासूमों की मौत, गांव में मातम

Connect With Social Media

चंदौली। नौगढ़ थाना क्षेत्र के गोलाबंद गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में कुएं में गिरने से दो आठ वर्षीय बच्चों की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गांव के सिवान मनवार में चार बच्चे खेल रहे थे। खेलते-खेलते दो बच्चे पास स्थित कुएं के करीब पहुंच गए और अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों कुएं में गिर पड़े। साथ खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को कुएं से बाहर निकाला और आनन-फानन में नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।


मृतकों की पहचान आठ वर्षीय हर्ष और आठ वर्षीय अंकुश के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम पसर गया।
घटना की सूचना मिलते ही नौगढ़ के एसडीएम विकास मित्तल पुलिस टीम के साथ सीएचसी पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है और ग्रामीणों ने प्रशासन से खुले कुओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!