[smartslider3 slider="2"]

जीवनपुर में सस्ते गल्ले की दुकान आवंटन बैठक स्थगित, ग्रामीणों के हंगामे के बीच अगली तिथि का आश्वासन

Connect With Social Media

चंदौली। विकास खंड सकलडीहा के जीवनपुर ग्राम सभा में सस्ते गल्ले की दुकान के आवंटन को लेकर सोमवार को पंचायत भवन परिसर में आयोजित खुली बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। आवश्यक उपस्थिति पूरी न होने और ग्रामीणों की गुप्त मतदान की मांग के चलते अधिकारियों ने बैठक स्थगित कर अगली तिथि तय करने का आश्वासन दिया।


जानकारी के अनुसार जीवनपुर गांव में सस्ते गल्ले की दुकान में अनियमितता पाए जाने पर पूर्व में निरस्तीकरण कर इसे अस्थायी रूप से तारापुर गांव से संबद्ध कर एक वर्ष से संचालित किया जा रहा है। नई दुकान के आवंटन हेतु कई बार तिथियां निर्धारित की गईं, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से प्रक्रिया स्थगित होती रही।
सोमवार को एक बार फिर पंचायत भवन प्रांगण में जिला उद्यान अधिकारी डॉ. शैलेंद्र दुबे की देखरेख में खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव के विश्वास और अनुज कुमार प्रत्याशी के रूप में सामने आए। हालांकि, वोटर लिस्ट के अनुसार आवश्यक एक-पांचवीं जनसंख्या की उपस्थिति पूरी नहीं हो सकी। इसके अलावा ग्रामीणों ने खुली बैठक की बजाय गुप्त मतदान से चयन कराने की मांग की, जिस पर विवाद बढ़ गया और बैठक स्थगित करनी पड़ी।


बैठक स्थगित होने के बाद कुछ ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा भी किया। चुनाव अधिकारी डॉ. शैलेंद्र दुबे ने बताया कि दुकान चयन प्रक्रिया के लिए वोटर लिस्ट के अनुसार कम से कम एक-पांचवीं उपस्थिति अनिवार्य है। अगली तिथि निर्धारित कर नियमानुसार चयन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी अरविंद गौतम, अमन तिवारी, प्रधान प्रतिनिधि संकठा प्रसाद, पूर्व प्रधान छोटेलाल तिवारी, बंशीधर त्रिपाठी, उमाशंकर यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!