
चंदौली।लखनऊ विधानसभा सत्र के दौरान जनसमस्याओं को लेकर एक बार फिर तीखा सवाल-जवाब देखने को मिला। सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव ने सदन की कार्यवाही में जल मंत्री को सीधे निशाने पर लेते हुए उनके पुराने वादे की याद दिलाई और पूछा कि ‘हर गांव और हर घर तक पानी’ पहुंचाने की कसम आखिर जमीन पर कब पूरी होगी।
विधायक ने कहा कि उन्होंने इसी सदन में खड़े होकर प्रदेश के हर गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का वादा किया था, लेकिन आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है। उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि कागजों पर योजनाएं जरूर चल रही हैं, मगर जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
प्रभुनारायण यादव ने अपने क्षेत्र और प्रदेश की जनता की आवाज उठाते हुए सदन में कहा कि जल जीवन मिशन और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी कई घोषणाओं के बावजूद अनेक गांवों में पाइपलाइन का काम अधूरा है या नलों में पानी नहीं पहुंच रहा। कई जगहों पर योजनाएं शुरू तो हुईं, लेकिन समय पर पूरी नहीं हो सकीं।
उन्होंने जल मंत्री को कड़े तेवर में संबोधित करते हुए कहा, “आपने इसी सदन में खड़े होकर कसम खाई थी कि हर गांव तक पानी पहुंचाया जाएगा। जनता आज भी उस वादे के पूरा होने का इंतजार कर रही है।”
विधायक ने सरकार से मांग की कि केवल आश्वासन देने के बजाय स्पष्ट रूप से यह बताया जाए कि पानी के संकट से जूझ रहे गांवों तक पेयजल पहुंचाने का काम तय समय-सीमा में कब तक पूरा होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता को राहत देने के लिए ठोस कार्ययोजना और समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है।
सदन में उठे इस मुद्दे के बाद पेयजल योजनाओं की प्रगति और सरकार की तैयारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि सरकार ग्रामीण इलाकों में ‘हर घर पानी’ के वादे को कब तक पूरी तरह जमीन पर उतार पाती है।