
बाबा जागेश्वर नाथ धाम, चकिया। महर्षि याज्ञवल्क्य की तपोभूमि पर स्थित स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन-पूजन के बाद सोमवार को महाशिवरात्रि मेले के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे धाम परिसर में ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने मेले का भरपूर आनंद लिया।
मेले के दूसरे दिन महिला भक्तों ने भगवान शिव के जनवासे में मंगलगीत गाते हुए पारंपरिक विधि-विधान से खिचड़ी सहित अन्य धार्मिक रस्में निभाईं। शिव-पार्वती के विग्रह स्थापित कर विवाह संस्कार की प्रतीकात्मक परंपरा का निर्वहन किया गया। इस दौरान महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।
मेले में ग्रामीणों ने जमकर खरीदारी की। चाट-पकौड़ी, गुड़हिया जलेबी और घरेलू उपयोग के सामानों की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल रही। बच्चों ने चर्खी और झूलों का आनंद उठाया, जिससे मेले का माहौल उत्सव में बदल गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह, ग्राम प्रधान राजेश कुमार तथा अन्य स्थानीय लोगों ने व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दिया, जिससे मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और सफल रहा।