
चंदौली।इलिया थाना क्षेत्र के मालदह स्थित एक पेट्रोल पंप पर शनिवार को पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों का चालान कर दिया, जबकि तीन लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सांवलसोत गांव निवासी राकेश यादव और दूसरे पक्ष की ओर से पेट्रोल पंप मालिक के सेल्समैन विशाल कुमार ने थाने में अलग-अलग तहरीर देकर एक-दूसरे पर मारपीट और विवाद का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप मालिक और उनके परिवार से जुड़े लोगों के बीच पुराना पारिवारिक विवाद चला आ रहा था, जो शनिवार को पेट्रोल पंप परिसर में अचानक उग्र हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराते हुए उन्हें थाने ले आई।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच के बाद पांच लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। साथ ही तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मालदह स्थित पेट्रोल पंप पर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पांच लोगों का चालान किया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।