
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के तारापुर गांव के समीप शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक दूधिया गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय भिजवाया जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सकलडीहा निवासी 51 वर्षीय विभूति नारायण यादव मोटरसाइकिल से मुगलसराय दूध बेचने जा रहे थे। जैसे ही वह तारापुर गांव के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार अज्ञात युवकों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर उनसे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विभूति नारायण सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल भेजा। वहीं, दूसरी बाइक सवार युवक मौका पाकर घटनास्थल से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
चौकी प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि घायल की मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसे चौकी पर सुरक्षित रखवा दिया गया है। फरार बाइक सवार युवकों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।