
मुग़लसराय- स्थानीय स्थित विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय, चंदासी परिसर में आयोजित पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश भारत स्काउट्स/गाइड्स प्रशिक्षण शिविर का समापन शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रबंध समिति के सदस्य माननीय श्री आकाश यादव, महाविद्यालय की व्यवस्थापिका महोदया तथा प्राचार्या डॉ. अनीता श्रीवास्तव और विभागाध्यक्ष श्रीमती गायत्री सिंह द्वारा मां सरस्वती एवं स्वर्गीय श्री विक्रम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की गाइड्स ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। प्रशिक्षण शिविर में गाइड्स को विभिन्न टोलियों—ईगल टोली, अहिल्याबाई, गुलाब का फूल, मदर टेरेसा, मेरीगोल्ड, रानी द्रौपदी, रजिया सुल्तान, झांसी की रानी, कमल का फूल आदि में विभाजित किया गया था। गाइड्स ने गंगा स्वच्छता अभियान, भारत माता, होली और नारी शिक्षा जैसे विषयों पर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। साथ ही गाइड्स द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों की भी सराहना की गई।
मुख्य अतिथि श्री आकाश यादव ने कहा कि स्काउट्स/गाइड्स प्रशिक्षण शिविर युवाओं में राष्ट्रप्रेम, दया, करुणा और अनुशासन जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करता है तथा उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या डॉ. अनीता श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने शिविर का निरीक्षण कर गाइड्स से प्रशिक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त कीं।

कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष श्रीमती गायत्री सिंह ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन स्काउट्स/गाइड्स प्रशिक्षक श्री महेंद्र कुमार यादव ने किया, जबकि गाइड प्रशिक्षिका श्रीमती रितेशनी मिश्रा व सुश्री गुड़िया मौर्य की विशेष भूमिका रही।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. हेमा गुप्ता, डॉ. यास्मीन बानो, डॉ. लक्ष्मी चटर्जी, डॉ. गोपाल सिंह, मनोज कुमार चौहान, ममता यादव, सादिया रियाज, रीना सिंह, डॉ. शिवप्रसाद सोनकर, शिवकुमार यादव, विजय यादव, ऋषि राज भारती, अरुणेश पांडेय, सुश्री मिली उपाध्याय, कमलेश चौहान सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं व कर्मचारी उपस्थित रहे।