
चहनियां। क्षेत्र के परासी स्थित ग्रामीण विकास प्रा० आईटीआई परिसर में शनिवार को पिट्टी इंजीनियरिंग लिमिटेड कंपनी द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कंपनी के एचआर अमित सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस रोजगार मेले में कुल 114 युवकों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 55 आईटीआई एवं नॉन-आईटीआई युवकों का चयन किया गया।
चयनित सभी युवकों को कंपनी की ओर से ऑनलाइन ज्वाइनिंग लेटर प्रदान किया गया। कंपनी के एचआर अमित सिंह ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से ट्रेन किराया दिया जाएगा और सभी युवक 16 फरवरी को छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र) स्थित कंपनी के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने बताया कि वे स्वयं चयनित युवकों के साथ जाकर कंपनी में उनकी ज्वाइनिंग कराएंगे।
वेतनमान के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आईटीआई प्रशिक्षित युवकों को 20,800 रुपये प्रतिमाह, नॉन-आईटीआई युवकों को 19,000 रुपये तथा स्नातक युवकों को 22,200 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। सभी को आठ घंटे की ड्यूटी के अनुसार यह वेतन मिलेगा।

इस अवसर पर कॉलेज के डायरेक्टर कृष्णा कुमार यादव, अनुदेशक कमलेश मौर्य, प्रद्युम्न कुमार, नीरज, विकास यादव, रामानंद सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कॉलेज के संस्थापक प्रबंधक मनोज कुमार ने कंपनी से आए अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए चयनित युवकों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।