[smartslider3 slider="2"]

सिकंदरपुर में चंद्रप्रभा नदी पुल की सुरक्षा पर सवाल: L-विंग दीवार न होने से कटाव, हादसे का खतरा

Connect With Social Media

चंदौली।सिकंदरपुर स्थित SRVS डिग्री कॉलेज के पास चंद्रप्रभा नदी पर बने पुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और राहगीरों में चिंता बढ़ती जा रही है। पुल के चारों किनारों पर सुरक्षा के लिए बनाए जाने वाले L-विंग (सुरक्षा दीवार) का निर्माण अब तक नहीं किया गया है, जिससे पुल और उससे जुड़ी सड़क लगातार खतरे में बनी हुई है।


बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष आई बाढ़ के दौरान नदी का पानी सीधे पुल और सड़क से टकराया था, जिससे संरचना को नुकसान पहुंचा था। उस समय क्षतिग्रस्त हिस्से को अस्थायी रूप से मिट्टी के बोरे भरकर ठीक किया गया, लेकिन स्थायी सुरक्षा उपाय आज तक नहीं किए गए हैं। मौजूदा समय में भी नदी किनारे मिट्टी का कटाव जारी है, जो धीरे-धीरे पुल की नींव को कमजोर कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं हुआ, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।


यह मार्ग क्षेत्र का अत्यंत व्यस्त रास्ता है। पास में स्थित डिग्री कॉलेज के कारण रोजाना बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से आते-जाते हैं। इसके अलावा भारी वाहनों का भी लगातार आवागमन रहता है, जिससे जोखिम और बढ़ जाता है। पुल के बगल में मौजूद पुराना पुल भी नदी के प्राकृतिक बहाव को प्रभावित करता है, जिससे पानी का दबाव नए पुल पर अधिक पड़ता है और कटाव तेज हो जाता है।


स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि संभावित हादसे को टालने के लिए पुल के चारों ओर मजबूत सुरक्षा दीवार (L-विंग) का जल्द निर्माण कराया जाए और कटाव रोकने के लिए स्थायी इंतजाम किए जाएं, ताकि आमजन और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Comment

error: Content is protected !!