
डीडीयू नगर। जीआरपी ने करीब दो माह पहले लापता हुई एक युवती को बरामद कर उसके परिजनों के हवाले कर दिया। युवती ट्रेन से सफर के दौरान बिना बताए घर से चली गई थी और बाद में दूसरी जाति के युवक से शादी कर ली थी।
जीआरपी पीडीडीयू निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पीडीडीयू नगर के लख्मीपुर निवासी एक व्यक्ति ने 16 दिसंबर को तहरीर देकर सूचना दी थी कि उसकी बेटी पीडीडीयू जंक्शन से भागलपुर एक्सप्रेस में सूरत जाने के लिए सवार हुई थी, लेकिन वह सूरत नहीं पहुंची। परिजनों की शिकायत पर 19 दिसंबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती घरवालों को बिना बताए कहीं चली गई थी और उसने दूसरी जाति के एक युवक से शादी कर ली है। इसके बाद जीआरपी ने लोकेशन ट्रेस कर युवती को सकुशल बरामद कर लिया।
शुक्रवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।