
चन्दौली। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद चन्दौली पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-5.0 के तहत व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिले के सभी थानों की पुलिस टीमों और एंटी-रोमियो स्क्वॉड द्वारा बाजारों, कस्बों, विद्यालयों तथा अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।

जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं के लिए संचालित प्रमुख योजनाओं—मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन व सखी निवास—के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आपात स्थिति में पुलिस सहायता लेने के तरीकों और हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग पर भी बल दिया गया।
इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों जैसे घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम-2013, दहेज निषेध अधिनियम-1961 (संशोधित 1986) तथा गर्भधारण पूर्व एवं प्रसवपूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम-1994 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक थाने पर स्थापित “मिशन शक्ति केंद्र” के माध्यम से महिलाओं को परामर्श, सहायता और शिकायत निस्तारण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिले में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा समाज में सम्मान और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करना है।
