
चन्दौली। महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 फरवरी को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए जनपद चन्दौली में विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए बताया कि यह डायवर्जन रात्रि 02:00 बजे से शाम 08:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन परिवर्तित किया जाएगा।
चकिया तिराहा (गंजी प्रसाद तिराहा) पर डायवर्जन
चकिया तिराहे से किसी भी प्रकार के ऑटो, टोटो, भारी वाहन, मालवाहक वाहन और चार पहिया वाहन कस्बा मुगलसराय होते हुए पड़ाव की ओर नहीं जा सकेंगे। वाराणसी जाने वाले वाहन गोधना मोड़ से रामनगर होकर अथवा रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।

पड़ाव चौराहा डायवर्जन
पड़ाव चौराहे से किसी भी प्रकार के भारी और मालवाहक वाहन राजघाट वाराणसी की तरफ नहीं जा सकेंगे। वाराणसी जाने वाले वाहनों को बहादुरपुर से रिंग रोड या रामनगर मार्ग से भेजा जाएगा।
एफसीआई तिराहा डायवर्जन
एफसीआई तिराहे से सभी प्रकार के भारी व मालवाहक वाहन पड़ाव चौराहे की तरफ नहीं जाएंगे। वाराणसी की ओर जाने वाले वाहनों को एफसीआई तिराहे से व्यासनगर होते हुए शाहूपुरी रोड पर डायवर्ट किया जाएगा, जहां से वे पीएससी तिराहा होकर रामनगर मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
कोयला मंडी पर नो-एंट्री
यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में कोयला मंडी से ट्रकों का आवागमन पड़ाव चौराहे की ओर पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और महाशिवरात्रि के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।