[smartslider3 slider="2"]

मुआवजा विवाद पर ग्रामीणों ने PWD अधिकारियों को घेरा, सड़क निर्माण कार्य रुका

Connect With Social Media

चंदौली सकलडीहा क्षेत्र के खडेहरा गांव में सड़क निर्माण के मुआवजे को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों का घेराव कर दिया, जिससे निर्माण कार्य बाधित हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के उत्तर दिशा में रहने वाले कई लोगों को अब तक कोई मुआवजा नहीं मिला है, जबकि दक्षिण दिशा के प्रभावित परिवारों को भी बेहद कम राशि दी गई है। उनका कहना है कि जब तक सभी प्रभावितों को उचित मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कुंदन राज कपूर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कराकर शीघ्र समाधान किया जाएगा।
गौरतलब है कि चंदौली–सैदपुर वाया सकलडीहा मार्ग को करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण कर फोरलेन बनाया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत खडेहरा गांव में भूमि और मुआवजे को लेकर विवाद के कारण निर्माण कार्य फिलहाल रुका हुआ है।
एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बताया कि कुछ ग्रामीण सरकारी जमीन छोड़कर नाली निर्माण की मांग कर रहे हैं, ताकि उनके कब्जे प्रभावित न हों, जिससे नाली का निर्माण टेढ़ा हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर पैमाइश कराकर रुके हुए कार्य को पूरा कराया जाएगा और मुआवजा संबंधी आपत्तियों की रिपोर्ट भी उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
वहीं, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने घेराव की बात से इनकार करते हुए कहा कि ग्रामीण केवल अपनी समस्याएं बताने के लिए एकत्रित हुए थे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!