
चंदौली। सकलडीहा स्थित सकलडीहा पी.जी. कॉलेज में शुक्रवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की B.Ed और एमए तृतीय सेमेस्टर परीक्षा के दौरान नकल करते हुए 11 परीक्षार्थियों को पकड़ा गया। यह कार्रवाई 13 फरवरी 2026 को द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान की गई।
महाविद्यालय में तैनात आंतरिक फ्लाइंग स्क्वाड ने परीक्षा कक्षों की सघन जांच की। जांच के दौरान 11 परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। इसकी जानकारी तत्काल केंद्र अध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय को दी गई, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई।
प्राचार्य ने बताया कि विश्वविद्यालय की परीक्षा नियमावली के तहत फॉर्म-19 भरकर सभी आरोपित परीक्षार्थियों के विरुद्ध अनुचित साधन (नकल) का मामला दर्ज किया गया है। बरामद नकल सामग्री को साक्ष्य के साथ आगे की कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय भेज दिया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि महाविद्यालय को इस बार अन्य कॉलेजों के परीक्षार्थियों के लिए भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है, इसलिए परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्राचार्य ने चेतावनी देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश शासन और विश्वविद्यालय की नियमावली के विरुद्ध नकल करते पाए जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। महाविद्यालय प्रशासन नकल-विहीन और निष्पक्ष परीक्षा कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।