[smartslider3 slider="2"]

टिमिलपुर में टोटो पलटा,कई घायल

Connect With Social Media

चंदौली। सकलडीहा विकास खंड के टिमिलपुर गांव में शुक्रवार को एक टोटो वाहन पलटने से कई यात्री घायल हो गए। हादसे में एक यात्री का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि अन्य को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना का मुख्य कारण सड़क पर एक वर्ष से बह रहा सीवर का पानी और क्षतिग्रस्त सड़क बताई जा रही है।

सीवर के पानी और जर्जर सड़क ने बढ़ाया खतरा
जानकारी के अनुसार, सकलडीहा कस्बे में सड़क निर्माण कार्य चलने के कारण टोटो चालक सवारियों को लेकर वैकल्पिक मार्ग से टिमिलपुर की ओर जा रहा था। गांव के पास पहुंचते ही सड़क पर भरे सीवर के पानी में गड्ढे दिखाई नहीं दिए, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें सवार यात्री गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। टोटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि टिमिलपुर गांव की नाली पिछले एक साल से क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिससे सीवर का पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। पानी के कारण सड़क धंस गई है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो दिखाई नहीं देते। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन किए गए और प्रधान व ब्लॉक प्रशासन को शिकायत पत्र तथा आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
राहुल कश्यप, मुराही देवी, राजकुमारी और दीपक समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि सड़क और नाली की बदहाली से आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं। वहीं पास स्थित सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तक आने-जाने वाले मरीजों, विशेषकर सिजेरियन महिलाओं के लिए भी संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
इस संबंध में बीडीओ विजय कुमार सिंह ने कहा कि क्षतिग्रस्त नाली और सड़क का निर्माण जल्द कराया जाएगा, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Comment

error: Content is protected !!