
पीडीडीयू नगर (अशोक कुमार जायसवाल )
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के मुगलसराय क्षेत्र स्थित हिलौनी चर्च स्कूल के पास सड़क की हालत पूरी तरह खराब हो चुकी है। गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इस मार्ग से बड़े डंपर वाहनों का लगातार आना-जाना लोगों के लिए और भी चिंता का विषय बना हुआ है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि इसी सड़क के किनारे स्कूल होने के बावजूद रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे आते-जाते हैं। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही से किसी भी समय दुर्घटना होने का डर बना रहता है। लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के चलते बुजुर्ग और महिलाएं अक्सर ठोकर खाकर गिर जाते हैं, जिससे चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत कराई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। साथ ही स्कूल के पास से गुजरने वाले डंपर वाहनों पर रोक लगाने या उनके लिए वैकल्पिक मार्ग तय करने की भी मांग की गई है।
लोगों का कहना है कि यदि सड़क का निर्माण और भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण हो जाए, तो संभावित बड़े हादसों को रोका जा सकता है और क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
