[smartslider3 slider="2"]

ग्राम सभा द्वारा अवैध पिलर व गेट निर्माण का आरोप, ग्रामीणों ने की शिकायत

Connect With Social Media

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय (अशोक कुमार जायसवाल)- ताहिरपुर में ग्राम सभा/ग्राम पंचायत द्वारा मुख्य सड़क पर पिलर खड़ा कर प्रवेश द्वार गेट निर्माण किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यह निर्माण कार्य सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण करते हुए किया जा रहा है, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो रही है और आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो सकती है।


ग्रामीणों के अनुसार, गांव के मुख्य प्रवेश मार्ग पर गेट निर्माण के नाम पर पिलर लगाए जा रहे हैं और इसके लिए सड़क के बीच में गड्ढा भी खोदा गया। जब कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और कार्य रोकने की बात कही, तो कथित तौर पर ग्राम प्रधान पक्ष द्वारा विवाद की स्थिति बन गई। लोगों का कहना है कि यह सड़क सार्वजनिक उपयोग की है और बिना संबंधित विभागों की अनुमति (एनओसी) के यहां किसी प्रकार का स्थायी निर्माण नहीं किया जा सकता।


ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जहां पिलर लगाया जा रहा है, उसके नीचे से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन/केबल गुजर रही है। ऐसे में भविष्य में बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उनका कहना है कि यदि निर्माण जारी रहा तो दुर्घटना का खतरा बढ़ेगा और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन होगा।


ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इस अतिक्रमण से वाहनों का आवागमन प्रभावित होगा, खासकर बड़े वाहनों, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को आने-जाने में कठिनाई हो सकती है। साथ ही सड़क पर स्थायी संरचना बनने से आम जनता को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल स्थल का निरीक्षण कराने और सार्वजनिक मार्ग पर हो रहे कथित अतिक्रमण की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी दुर्घटना या विवाद की स्थिति से बचा जा सके।

Leave a Comment

error: Content is protected !!