
चंदौली-मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर गांव में मंगलवार को एक घटना में दो साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची नाले में गिर गई थी।
मृत बच्ची की पहचान राधा (2 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भानू, निवासी बाराडीह, अदलहाट की पुत्री थी। परिजनों ने बताया कि राधा अपनी मां के साथ मंगलवार को ही अपने ननिहाल जलीलपुर गांव में नाना सीताराम के घर आई थी।
बताया गया कि बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह पास ही खुले नाले में गिर गई। काफी देर तक बच्ची के दिखाई न देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद नाले से उसका शव बरामद हुआ।
परिजनों ने आनन-फानन में बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची ननिहाल आई थी और खेलते समय नाले में गिर गई थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। इस घटना से परिवार में गहरा दुख है। स्थानीय लोगों ने खुले नालों को लेकर प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम की मांग की है।