
चंदौली।पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय (अशोक कुमार जायसवाल )
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र 2026 के दौरान राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव पर सदन में विस्तार से अपना संबोधन दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत आम बजट की सराहना करते हुए इसे “आत्मनिर्भर भारत” और “विकसित भारत” के लक्ष्य को आगे बढ़ाने वाला ऐतिहासिक बजट बताया।
अपने भाषण में दर्शना सिंह ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को संतुलित, दूरदर्शी और जन-आकांक्षाओं पर आधारित बजट पेश करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, निवेश को बढ़ावा देने और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा। साथ ही वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की भूमिका की भी उन्होंने सराहना की।
उत्तर प्रदेश को विकास की नई गति

सांसद दर्शना सिंह ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के औद्योगिक, कृषि और आधारभूत संरचना विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य को मजबूत किए बिना विकसित भारत की कल्पना संभव नहीं है।
बजट में एक्सप्रेसवे, रेलवे, एयरपोर्ट, लॉजिस्टिक्स हब और औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़े प्रावधान उत्तर प्रदेश को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि कृषि अवसंरचना, सिंचाई परियोजनाओं, भंडारण सुविधाओं और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और किसानों की आय बढ़ेगी। गन्ना, दलहन-तिलहन और छोटे किसानों को इससे विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
कृषि, युवा और रोजगार पर फोकस
दर्शना सिंह ने कहा कि बजट में कृषि को समृद्धि का माध्यम मानते हुए ठोस कदम उठाए गए हैं। युवाओं के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया, एमएसएमई और बुनियादी ढांचे में निवेश को रोजगार सृजन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में इससे लाखों युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय
उन्होंने कहा कि बजट में महिला सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के लिए किए गए प्रावधान सरकार की समावेशी सोच को दर्शाते हैं।
प्रधानमंत्री के विज़न की झलक
अपने संबोधन में दर्शना सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र इस बजट में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि देश के भविष्य की मजबूत नींव है।
अंत में उन्होंने सदन का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह बजट उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश को आर्थिक रूप से सशक्त, सामाजिक रूप से समृद्ध और वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।