
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के सरेसर गांव के समीप सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में 44 वर्षीय बाल मुकुंद अग्रहरि की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार युवक घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार कमालपुर निवासी बाल मुकुंद अग्रहरि अपने पड़ोसी नीरज मोदनवाल उर्फ निक्की (25) के साथ सोमवार देर शाम बाइक से वाराणसी जा रहे थे। सरेसर गांव के पास सड़क पर बने ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाल मुकुंद को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में नीरज मोदनवाल घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंचे अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के छोटे भाई चंदन अग्रहरि की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।
बताया गया कि बाल मुकुंद अग्रहरि तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई चंदन अग्रहरि और अमरदीप हैं। मृतक मुंबई की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और अपने पिता गोवर्धन अग्रहरि के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 8 फरवरी को घर आए थे। उन्हें मंगलवार को वापस मुंबई लौटना था, लेकिन सोमवार रात हुए इस दर्दनाक हादसे में उनकी जान चली गई।युवक की असमय मौत से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर है।