
।
चन्दौली (अशोक कुमार जायसवाल )नगर क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। दामोदरदास पोखरा के सामने, अवतार हीरो के गोदाम के पास पीडब्ल्यूडी की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर हटवा दिया। यह कार्रवाई एसडीएम अनुपम मिश्रा और कोतवाल संतोष सिंह के नेतृत्व में की गई।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जिस भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां पुलिस चौकी का निर्माण प्रस्तावित है। इसी उद्देश्य से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को खाली कराया गया, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे अभियान के दौरान शांति और व्यवस्था बनी रही।

पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) भी मौके पर पहुंचे और संबंधित भूमि की विधिवत पहचान कराते हुए सीमांकन कराया। इसके बाद जमीन की खुदाई कराकर स्थल को स्पष्ट रूप से चिन्हित किया गया, जिससे भविष्य में किसी तरह के विवाद की संभावना न रहे।

एसडीएम अनुपम मिश्रा ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए यहां शीघ्र ही पुलिस चौकी के निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।

