
अलीनगर(चंदौली) – पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अलीनगर थाना पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 448 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में 1 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान जुगनू यादव पुत्र राधेश्याम यादव निवासी सोनवरसा थाना चौबेपुर जनपद वाराणसी के रूप में हुई है।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 10 पेटी रॉयल स्टैग 120 बॉटल शराब प्रत्येक 750 ML, 10 पेटी रॉयल स्टैग 240 बॉटल शराब प्रत्येक 375 ML व 31 पेटी 8 PM 1488 टेट्रा पैक शराब प्रत्येक 180 ML कुल मात्रा 448 लीटर शराब बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह अवैध शराब को आजमगढ़ से ट्रक में लादकर बिहार ले जा रहा था, जहां शराब को ऊंचे दामों पर बेचकर अच्छा मुनाफा हो जाता है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय, अनिल कुमार यादव, आशुतोष कुमार गुप्ता, अमित सेन सिंह और इन्द्रजीत यादव शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।