
मुगलसराय (मोहम्मद अफजल ) क्षेत्र के लखमीपुर(पराहूपुर वार्ड नं 7)में बदहाल सड़कें, टूटी नालियां और गंदगी का अंबार स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बनता जा रहा है। वार्ड की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जबकि नालियों की हालत इतनी खराब है कि गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे रोजमर्रा के आवागमन में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि टूटी सड़कों और जाम नालियों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। गंदगी और जलजमाव से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को झेलनी पड़ रही है, जिन्हें गड्ढों और पानी भरी सड़कों से होकर गुजरना पड़ता है।

वार्डवासियों की माने तो इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन जब सभासद नही सुनते जिन्हें जनता ने चुन कर बिठाया तो बाकी अधिकारियों की बात दीगर है।समस्याओ के बाबत अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे लोगों में नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।पराहूपुर अर्बन हेल्थ सेंटर से लखमीपुर को जोड़ने वाले लिंक रोड पर आधा अधूरा सीवर विगत 5- 6 वर्षो से कई जगह खुला है जिसमे बच्चो के गिर जाने की संभावनाएं बनी रहती है। लोगों ने जल्द से जल्द सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

इस संबंध में वार्ड के सभासद संतोष कुमार ने बताया कि सड़क और नाली निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा, बरसात के कारण पानी भरा होने से फिलहाल कार्य प्रभावित है। जैसे ही पानी निकल जाएगा और क्षेत्र सूख जाएगा सीवर के माध्यम से सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि वार्ड की जनता को राहत मिल सके।”
क्षेत्रवासियों ने बताया कि सभासद ये भूल रहे कि बरसात बीते कई महीने हो गए और इन रास्तों में समस्या कई वर्षों से है।अगर बरसात से समस्या उत्पन्न हुई तो बरसात के बाद जाड़ा और गर्मी भी आता है तब यह समस्या बरकरार कैसे है। कभी बजट का रोना,कभी कोरा आश्वासन देते देते कई बरसात पार हो गए।बरसात के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधि अपने वादों पर कितना अमल करते हैं और लखमीपुर के लोगों को कब तक इस समस्या से राहत मिल पाती है।